बरेली। अपने ही बैंक के महाप्रबंधक के चैंबर में आग लगाने वाले अंकित के खिलाफ 27 दिनों में यह तीसरी रिपोर्ट दर्ज हुई है। उसके खिलाफ दिल्ली, बुलंदशहर में सरकारी कर्मचारियों से मारपीट, अभद्रता, सरकारी संपत्तियों की क्षति जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं और आरोपी दोनों शहरों के प्रकरणों में जमानत पर बाहर आ चुका है। अब बुधवार को आग लगाने की घटना के बाद बरेली की पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई है।
आरोपी अंकित के खिलाफ दिल्ली में मुख्यमंत्री केजरीवाल पर अभद्र टिप्पणी, सोशल मीडिया पर बयानबाजी, दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर आपत्तिजनक कथन लिखने, सरकार संपत्ति को क्षति पहुंचाने का मुकदमा दर्ज है। इस प्रकरण में आरोपी को दिल्ली पुलिस ने 21 मई को क्षेत्रीय कार्यालय सिविल लाइंस से गिरफ्तार किया था और जमानत पर छोड़ा गया था।
उक्त घटना के सात दिन बाद आरोपी 28 मई को बुलंदशहर की शाखा में पहुंचा। वहां बैंक ऑफ बड़ौदा के कैशियर संजय सिंह के साथ गाली-गलौज कर अभद्रता की। इसमें बुलंदशहर में रिपोर्ट दर्ज हुई और 29 को आरोपी अंकित जमानत पर छूट गया। अब बुलंदशहर की घटना के 15 दिन बाद बरेली में बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक के चैंबर में आगजनी कर वह फरार हो गया है। कोतवाली पुलिस की टीमें अंकित की तलाश में जुटी हैं।
-
सीडीओ कार्यालय में भी आगजनी की कोशिश
शहर कोतवाली में दर्ज हुई रिपोर्ट में बताया गया है कि बुधवार को ही आरोपी अंकित गोयल ने विकास भवन में सीडीओ चैंबर में भी ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की है। हालांकि वहां पर वह सफल नहीं हो सका और हंगामा करने के बाद भाग गया।
वर्जन
अंकित गोयल ने ही महाप्रबंधक के कक्ष में जाकर आगजनी की है। इसके प्रमाण मिले हैं। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद अंकित विकास भवन में सीडीओ के दफ्तर भी पहुंचा था। वहां भी वह खुराफात के मूड में था पर कर्मचारियों के जुटने पर चला आया। - डीके शर्मा, इंस्पेक्टर कोतवाली