बरेली। अस्पताल से अधिवक्ता के नवजात बच्चे को चोरी करने की कोशिश करने के आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया। इस बीच खुद को आरोपी का साला बताने वाले एक शख्स ने फोन पर अधिवक्ता को इस मामले में समझौता न करने पर जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने इस मामले में भी थाना प्रेमनगर में तहरीर दी है।
हाफिजगंज निवासी अधिवक्ता शरद सक्सेना की पत्नी दीपशिखा ने बुधवार को अजय प्रतिमा अस्पताल में बेटे को जन्म दिया था। रात करीब 12:15 बजे हाफिजगंज के डोहरिया गांव में रहने वाले शाकिर ने कमरे में घुसकर उनके नवजात बच्चे को उठा ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान दीपशिखा के पास सो रहीं उनकी मां वंदना आर्या की आंख खुल गई। उन्होंने विरोध किया तो शाकिर उनका सिर दीवार पर मारकर फरार हो गया था।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शाकिर की शिनाख्त कर पुलिस ने उसके साथ उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। अब शरद ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार को एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर खुद को शाकिर का साला बताया और समझौता करने को कहा। खुद को बदमाश बताकर उन्हें जान से मारने की भी धमकी दी। शरद ने थाना प्रेमनगर में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।