बरेली। दिवाली से पहले लूट और छिनैती की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इस पर लगाम लगाने के लिए एसएसपी ने पांच साल पुरानी घटनाएं करने वाले बदमाशों की मौजूदा स्थिति का सत्यापन शुरू कराया है। दस दिनों तक यह अभियान चलाया जाएगा। अधिकारी और पुलिस कर्मचारी आरोपियों के घर तक जाएंगे और उनकी सक्रियता की रिपोर्ट एसएसपी को भेजेंगे। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि अपराधियों की सक्रियता की जानकारी मिलने पर पुलिस निरोधात्मक कार्रवाई करेगी। यह भी पता लगाया जाएगा कि वह जेल में बंद हैं या बाहर हैं। बाहर हैं तो इसी क्षेत्र में हैं या किसी अन्य शहर या राज्य में हैं। उनकी आजीविका का आधार क्या है? इस रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अपराधियों पर कार्रवाई को लेकर मंथन किया जाएगा। ब्यूरो