बरेली। जिला अस्पताल में पैथोलॉजी के बाहर लंबी कतार से मरीजों और तीमारदारों को राहत मिलेगी। शनिवार से अस्पताल में तीसरा पंजीकरण काउंटर शुरू होगा। वहीं, ओपीडी के एक कक्ष को ही रिपोर्टिंग कक्ष बनाया जाएगा।
जिला अस्पताल में हेपेटाइटिस वायरल लोड, थायराइड की जांच सुविधा बढ़ने से अब कई लोग सिर्फ जांच कराने ही पहुंच रहे हैं। एक ही कक्ष में सैंपलिंग, रिपोर्टिंग, पंजीकरण व अन्य कई काम होने से मरीजों की भीड़ रहती है। यहां आए दिन नोकझोंक होती है। मरीज कक्ष के बाहर धूप, बारिश, सर्दी में खड़े रहने को विवश होते हैं। बीते सोमवार को अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसका संज्ञान लेकर अस्पताल प्रशासन ने निजात के लिए मंथन शुरू किया।
पुलिस चौकी को कहीं और शिफ्ट नहीं किया जा सकता। लिहाजा, एक और पंजीकरण काउंटर बना दिया ताकि मरीजों का पंजीकरण जल्द हो। रिपोर्टिंग कक्ष ओपीडी के कक्ष संख्या 19 में बना दिया है, ताकि जांच रिपोर्ट लेने वालों को इंतजार न करना पड़े और लैब में भीड़ कम हो।
पैथोलॉजी में भारी भीड़ की खबर का संज्ञान लेकर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने भी निरीक्षण कर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए थे। एडी एसआईसी डॉ. अलका शर्मा के मुताबिक, पैथोलॉजी में नया काउंटर और रिपोर्टिंग कक्ष शिफ्ट करने का काम शनिवार को हो जाएगा। इससे मरीजों को राहत होगी।