भोजीपुरा। कुंआडांडा धिमनी गांव में सत्यपाल गंगवार के घर में घुसे चोर नकदी-जेवर सहित करीब ढाई लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। गृह स्वामी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जल्द खुलासे की बात कही है।
कुंआडांडा धिमनी निवासी सत्यपाल गंगवार ने बताया कि रविवार रात वह पत्नी और बेटे के साथ घर की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। रात में किसी समय चोर मकान के नजदीक बने शौचालय की छत के जरिये घर में दाखिल हो गए। जिस कमरे में परिवार सो रहा था, उस कमरे में रखे संदूक से करीब साढ़े चार तोला सोने के आभूषण और तीन हजार की नकदी चोरी कर ली।
आहट होने पर जब उनकी आंख खुली तो चोर कमरे का दरवाजा बाहर से बंदकर भाग गए। शोर मचाने पर दूसरे मकान में सो रहे पिता सुरेंद्र पाल उठकर आए। उन्होंने दरवाजा खोला। घटना की सूचना पर सीओ नबावगंज चमन सिंह चावड़ा, प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह, चौकी इंचार्ज धौंराटांडा संजीव यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण किया। सत्यपाल गंगवार ने एक व्यक्ति पर शक जाहिर किया है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।