नवाबगंज। ससुराल में पत्नी की विदा कराने के साथ जाने से मना करने पर नाराज पति ने सास समेत पांच लोगों को घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ग्रामीणों ने आनन फानन में घायलों को महानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां एक की हालत नाजुक बतायी जा रही है।
रिछोला-किफायतुल्ला गांव की मुस्कान का निकाह उत्तराखंड के थाना खटीमा के मोहल्ला इस्लाम नगर के मोहम्मद रिहान के साथ हुआ था। निकाह के कुछ समय तक तो ठीक ठाक रहा, लेकिन बाद में दोनों के बीच नोकझोंक के साथ मारपीट होने लगी। इससे परेशान मुस्कान अपनी दो साल की बेटी के साथ अपने मायके में रिछाला में अपनी माता-पिता के घर रहने लगी।
शनिवार को मोहम्मद रिहान अपनी पत्नी और बेटी की विदा करने को लेकर ससुरालियों से कहा, लेकिन ससुराली जन अपनी जिद पर अड़ गए। इसके बाद गांव के ही एक रिश्तेदार के घर चला गया। शाम को मो. रिहान हाथ में बांका लेकर दीवार कूद कर घर में घुस गया और चारपाई पर सो रही पत्नी और भांजे मोहम्मद सिराज के ऊपर हमला कर गया। चीख पुकार की आवाज सुनकर उनकी सास नाजरा, बेटी मुस्कान सिफा, ससुर नन्हेलला बचाने आए तो उनपर भी हमला कर दिया। इन्तयाज अहमद ने आरोपी के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है ।
मोहम्मद रिहान ने बताया कि दो साल से पत्नी को मनाकर घर आने को समझा रहा था। वह अपने मायके में रह रही थी। म़ुझे अपनी बेटी को देखने की चाहत हो रही थी, लेकिन वह मेरे साथ जाने को तैयार नही हुुई। बेटी से भी बात नहीं करने दी।
संवाद