बरेली। शहर के एक केंद्रीय विद्यालय के छात्र ने दो दिन पहले अपने घर में जान देने की कोशिश की। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार ने वजह स्कूल के किसी शिक्षक से जुड़ी बताई है। पुलिस छात्र का बयान दर्ज करने पर कार्रवाई की बात कह रही है। कैंट क्षेत्र निवासी 11 वीं के छात्र को भर्ती कराने के बाद उसके परिजनों ने बताया कि वह बुधवार को स्कूल गया था। वहां से आने के बाद उसने पहले चूहा मारने की दवा खा ली। बाद में गले में फंदा लगाकर पंखे पर लटक गया। घर के किसी सदस्य ने उसे देख लिया और शोर मचाकर उतार लिया। छात्र को बेहोश हो गया। उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
स्कूल के प्रधानाचार्य ने बताया कि उन्हें इस घटनाक्रम की जानकारी मिली है पर किसी शिक्षक पर आरोप नहीं है। कैंट इंस्पेक्टर जग नारायण पांडेय ने बताया कि पुलिस को अस्पताल भेजकर परिवार से जानकारी ली जाएगी। छात्र के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।