बरेली। लॉकडाउन में छात्रों पर फीस के लिए दबाव ना बनाने का शासन ने आदेश जारी किया है। इसके बाद भी एक सीबीएसई स्कूल ने फीस जमा न होने पर छात्रों के रिजल्ट रोक दिए। आरोप है कि 30 फीसदी छात्रों के रिजल्ट अब भी घोषित नहीं किए गए हैं। शिकायत पर डीआईओएस ने स्कूल को नोटिस जारी किया है।
स्कूल ने वेबसाइट पर रिजल्ट घोषित किए हैं। जिन छात्रों की फीस जमा नहीं हुई है उनके रिजल्ट वेबसाइट पर नहीं दिख रहे हैं। ऐसे छात्र जैसे ही वेबसाइट पर अपना रिजल्ट देखने की कोशिश करते हैं तो यह मेसेज आता है कि पहले अपनी फीस जमा करें। उसके बाद ही रिजल्ट ओपन होगा। पैरेंट्स फोरम के कन्वीनर खालिद जीलानी ने डीआईओएस से इसकी शिकायत की। उन्होंने कहा कि स्कूल अभिभावकों से साल में चार बार महीने की दस से 25 तारीख के बीच में फीस बैंक में जमा कराता है। जनवरी की अंतिम तिमाही के बाद स्कूल ने बैंक में फीसस जमा करने की अनुमति ही नहीं दी। इस बीच लाॅकडाउन में अभिभावक फीस जमा नहीं कर पाए। अब उनके रिजल्ट रोके जा रहे हैं। इस बारे में स्कूल प्रधानाचार्य को फोन किया मगर वह फोन पर उपलब्ध नहीं हुए।
डीआईओएस डॉ अमरकांत सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। शासन के निर्देशों के विपरीत परीक्षा परिणाम रोक लिए हैं। इस संबंध में स्कूल से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।