बरेली। बरेली-सितारगंज हाईवे की तर्ज पर गोलमाल का खेल बरेली के रिंग रोड प्रोजेक्ट के लिए भी रचा गया। सरनिया में कृषि भूमि को व्यावसायिक दर्शाकर स्ट्रक्चर बनाए गए। इसके आधार पर मूल्यांकन कराकर कुछ लोग अधिक मुआवजा हासिल करना चाहते थे, लेकिन बजट न आने से भुगतान नहीं हो सका। एनचएआई के अधिकारियों के अनुसार रिंग रोड को लेकर अभी कोई मुआवजा जारी नहीं हुआ है, लेकिन मुआवजा हासिल करने की पूरी तैयारी कर ली गई थी। फर्जीवाड़े की तह तक जाएंगे तो राजस्व अधिकारियों के संग एनएचएआई के कुछ पूर्ववर्ती कर्मचारी व अधिकारी भी सवालों के घेरे में आएंगे। अधिकारियों ने बताया कि रिंग रोड के लिए जमीन अधिग्रहण में गोलमाल का अंदेशा सामने आने के बाद यह प्रोजेक्ट एनएचएआई बरेली से बदायूं को जून में ट्रांसफर कर दिया गया था। ब्यूरो