बरेली। शहर के सुभाषनगर, किला और मढ़ीनाथ उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में सोमवार को भी कटौती और ट्रिपिंग की समस्या रही। किला क्षेत्र में उपभोक्ताओं को ज्यादा परेशानी हुई। साहूकारा में बंच केबल जलने से तीन घंटे आपूर्ति ठप रही। लगातार मिल रहीं शिकायतों के बीच विद्युत निगम के चेयरमैन डॉ. आशीष गोयल ने बुधवार को लखनऊ में अभियंताओं की बैठक बुलाई है।
किला उपकेंद्र के सिटी फीडर पर आपूर्ति सामान्य नहीं हो रही। बिनायक हॉस्पिटल के पास दिन में तीन बार लोकल फॉल्ट हुए। कुंवरपुर और मलूकपुर के उपभोक्ता भी कटौती और ट्रिपिंग से परेशान हुए। मलूकपुर सुनारों वाली गली, बिहारीपुर पुलिस चौकी, सिटी स्टेशन फीडर, नीम वाली मस्जिद, किशनपुरी इलाकों में ज्यादा समस्या रही। सुभाषनगर के सर्वोदय नगर, बदायूं रोड, करगैना, बीडीए कॉलोनी, गंगानगर इलाकों में ट्रिपिंग ने परेशान किया।
सोमवार को दिन में मढ़ीनाथ इलाके में आपूर्ति सामान्य रही, लेकिन शाम को यहां भी ट्रिपिंग होने लगी। जगतपुर और दुर्गानगर उपकेंद्र के इलाकों में सोमवार को मरम्मत कार्यों के बीच दो घंटे तक कटौती की गई। अलखनाथ और वनखंडीनाथ मंदिर के आसपास केबल व्यवस्थित करने का काम किया गया। सोमवार को कांवड़ियाें के जत्थे भी गुजरते रहे। जिन इलाकों से जत्थे गुजरे, वहां आपूर्ति बंद कर दी गई।