बरेली। यूपीएसएसएससी की ओर से जून में कराई गई ग्राम विकास अधिकारी परीक्षा में सेंध लगाने वालों की गिरफ्तारी जारी है। पुलिस ने मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा निवासी कृष्ण अवतार को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उसने अपनी जगह परीक्षा में सॉल्वर बैठाया था।
परीक्षा 26 जून को शहर के कई परीक्षा केंद्रों पर हुई थी। इस दौरान कांति कपूर बालिका इंटर कॉलेज में सॉल्वर पकड़ा गया था। इस मामले में केंद्र प्रभारी अर्चना की ओर से प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। संदेह होने पर पकड़ा गया आरोपी केशव कुमार बिहार के समस्तीपुर जिले का निवासी था। उसे जेल भेजने के बाद से प्रेमनगर थाना पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही थी।
कानूनगोयान चौकी के प्रभारी राहुल शर्मा ने शनिवार को मुरादाबाद के थाना ठाकुरद्वारा के गांव भरता वाला नन्नू गांव निवासी कृष्ण अवतार को मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया। उसे बरेली कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। चौकी प्रभारी ने बताया कि कृष्ण अवतार ही असली अभ्यर्थी था। केशव से उसकी जान पहचान हुई और उसे अपनी जगह परीक्षा दिलाने के लिए तैयार कर लिया। इसके लिए करीब ढाई लाख रुपये के सौदे की बात जांच में सामने आई है। आरोपी केशव के बयान व जांच के आधार पर कृष्ण अवतार को दोषी माना गया। उसे जेल भेज दिया गया है।