बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में निन्हा नाम के युवक की सिर काटकर नृशंस तरीके से हत्या के बाद सोमवार को गुस्से में भीड़ ने खेत की चहारदीवारी गिरा दी। कड़ी सुरक्षा के बीच शव का अंतिम संस्कार किया गया।
गांव कंचनपुर निवासी निन्हा की शनिवार रात धारदार हथियार से सिर काटकर निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी थी। सिर धड़ से 50 मीटर दूर धान के खेत में रख दिया था। मृतक की बहन सुमन की तहरीर पर पुलिस ने पीपलसाना चौधरी निवासी दिनेश मौर्य व रम्पुरा माफी निवासी खां साहब पर हत्या का मामला दर्ज किया था।
ये भी पढ़ें- UP: मां के साथ सो रहे दुधमुंहे को उठा ले गई बिल्ली, शोर मचाने पर छोड़ा तो छत से गिरकर तोड़ दिया दम
सोमवार सुबह 11 बजे कंचनपुर की आक्रोशित भीड़ ने यूकेलिप्टस के उस खेत की दीवार गिरा दी, जिस खेत में निन्हा का शव मिला था। सौ मीटर लंबी चहारदीवारी को सैकड़ों लोगों ने लोहे के सब्बल से तोड़कर गिरा दिया। किसी ने भोजीपुरा प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक को सूचना दे दी।थाने से पुलिस पहुंची तब तक भीड़ मौके से भाग गई।
पुलिस ने खुराफातियों की मंशा को भांपते हुए पोस्टमार्टम हाउस से शव आने से पहले ही सारे फोर्स को कस्बे के मेन प्वाइंट पर लगा दिया। कड़ी सुरक्षा के बीच निन्हा के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस अभी तक हत्या के क्लू तलाशने में जुटी है।