फतेहगंज पूर्वी। थाना क्षेत्र के गांव सिमरा हरिचंद्र के आशुतोष ने शनिवार को एक्स पर अपने घर का वीडियो पोस्ट कर थाना प्रभारी की वजह से मकान बिकाऊ होने की बात लिखी है। उन्होंने मुख्यमंत्री, डीजीपी, आईजी और डीएम को भी शिकायत भेजकर इंस्पेक्टर पर आरोप लगाए हैं।
आशुतोष ने बताया कि पिता और चाचा में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। होली वाले दिन वह आखत डालकर घर आ रहा था। रास्ते में चाचा ने दो लोगों के साथ मिलकर उसपर हमला कर दिया। जैसे-तैसे वह छूटकर घर पहुंचा। आरोप है कि जब वह तहरीर लेकर थाने पहुंचा तो पुलिस ने उसे ही हवालात में बंद कर दिया। दूसरे दिन शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
जनप्रतिनिधियों से जब परिवार ने शिकायत की तो आरोपी चाचा के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की गई। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़ित ने बताया कि इंस्पेक्टर दूसरे पक्ष की मदद कर रहे हैं। आरोपी दबंग किस्म के लोग हैं। ऐसे में अगर कार्रवाई नहीं होती है तो उसके पास गांव का मकान बेचकर चले जाने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं होगा। इस मामले में थाना प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी से बात करने की कोशिश की गई मगर उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
मामले की जानकारी नहीं है। अगर किसी ने शिकायत की है तो जांच कराई जाएगी। इंस्पेक्टर पर लगाए गए आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई भी होगी। - मानुष पारीक, एसपी साउथ