नवाबगंज। दिव्यांगजन को आवागमन में सुविधा देने के उद्देश्य से वितरित की जाने वाली 50 ट्राइसाइकिलों पर ब्लॉक परिसर में तीन हफ्तों से अनदेखी की धूल चढ़ गई है। जिला स्तर से तारीख नहीं मिलने के कारण इनका वितरण नहीं हो सका है। इनको ब्लॉक परिसर में खुले में रख रखा है। ओस और धूप से इनके पहिये और लोहा खराब होने की आशंका है। वहीं, ऑनलाइन आवेदन करने वाले पात्र दिव्यांगजन इनके वितरण की बांट जोह रहे हैं। इस बाबत खंड विकास अधिकारी महेश चंद्र शाक्य ने बताया कि जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने ब्लॉक के लिए 50 ट्राइसाइकिलें भेजी हैं। दो सप्ताह के अंदर ही इनका वितरण होना है। जिले से तारीख मिलने पर वितरण कर दिया जाएगा, तब तक उनको ठीक से रखवाया जाएगा। संवाद