बरेली। बरेली होकर गुजरने वाली अप-डाउन 14 सुपरफास्ट ट्रेनों का जंक्शन पर ठहराव होने लगे तो यात्रियों की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। काफी समय से इन सुपरफास्ट ट्रेनों के बरेली में ठहराव की मांग की जा रही है। रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड स्तर पर लचर पैरवी के कारण लोगों की मांग पूरी नहीं हो पा रही।
इधर, शुक्रवार को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक चंद्रवीर रमण के साथ हुई बैठक में सांसद ने बरेली होते हुए वंदे भारत ट्रेन के संचालन की मांग रख दी। 14 सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव को लेकर कोई बात ही नहीं हुई। इन ट्रेनों को ठहराव मिलने से जहां अन्य ट्रेनों पर दबाव कम होगा, वहीं टिकट की मारामारी भी कम होगी।
उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के स्टेशनों में बरेली जंक्शन काफी व्यस्त स्टेशन है। यहां से लखनऊ-दिल्ली के साथ हल्द्वानी, देहरादून, मथुरा, आगरा, पीलीभीत, टनकपुर और सीतापुर के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी है। बरेली जंक्शन के अलावा बरेली सिटी, इज्जतनगर और भोजीपुरा रेलवे स्टेशन हैं। पीलीभीत, टनकपुर, बदायूं, शाहजहांपुर समेत कई जिलों के लोग ट्रेन पकड़ने बरेली पहुंचते हैं। 35 हजार यात्रियों का रोज आवागमन होता है।
इन ट्रेनों का जंक्शन पर नहीं है ठहराव
14611/12 श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस, 12237/38 बेगमपुरा एक्सप्रेस, 12523/24 न्यू जलपाईगुड़ी-नई दिल्ली एक्सप्रेस, 12407/08 अमृतसर कर्मभूमि एक्सप्रेस, 15057/58 आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 13257/58 आनंद विहार-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस, 12557/58 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस।
जीएम के सामने उठा था मामला, फिर ठंडे बस्ते में
दिसंबर 2022 में उत्तर रेलवे के जीएम आशुतोष गंगल ने बरेली का दौरा किया था। उस समय सांसद संतोष गंगवार ने इन ट्रेनों के बरेली में ठहराव का मामला उठाया था, लेकिन बाद में यह ठंडे बस्ते में चला गया। जिले के व्यापारी संगठन भी काफी समय से इन ट्रेनों के बरेली में ठहराव की मांग कर रहे हैं।
-
पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम से कहा है कि बरेली-दिल्ली के बीच एक ट्रेन सुपरफास्ट चलनी चाहिए। मथुरा रूट अब सही हो चुका है तो दक्षिण भारत से शहर की कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी लगातार बात कर रहा हूं। जल्द ही बंगलूरू के लिए एक ट्रेन मिल सकती है। सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव के लिए मैंने पहले भी रेल मंत्रालय से बात की थी और शुक्रवार को हुई बैठक में भी इस मुद्दे को उठाया था। जुलाई में नया प्रोग्राम जारी होने वाला है, उम्मीद है कि जो ट्रेनें नहीं रुक रहीं है, उनको बरेली में ठहराव मिलेगा। - संतोष गंगवार, सांसद