नवाबगंज। नगर पालिका परिषद नवाबगंज की ओर से कराए जा रहे नाला निर्माण के दौरान गिरीं दो दुकानों का मलबा रविवार को हटवा दिया गया है। यह नाला 19 लाख 52 हजार रुपये की लागत से 205 मीटर लंबा, 19.52 फीट गहरा और 2.16 मीटर चौड़ा बनया जा रहा है। टिंकू शर्मा और राहुल शर्मा की वेल्डिंग की दुकानें शनिवार शाम 4:00 बजे नाले में गिर गई थीं। नाराज दुकानदारों ने शनिवार को बिथरी-बीजामऊ मार्ग जाम कर दिया था। सूचना पर प्रशासनिक अमला और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अफसरों, नगरपालिका कर्मियों और ठेकेदारों के बीच वार्ता हुई। इसमें दो माह के भीतर दुकानों का निर्माण और क्षतिग्रस्त मशीनें लगवाने पर सहमति बनी। रविवार को नगर पालिका ने जेसीबी से मलबा हटवाया। सामान और क्षतिग्रस्त मशीनें निकालीं। समझौते के अनुसार, यदि समय पर निर्माण नहीं हुआ तो ठेकेदार ने जो ब्लैंक चेक दिया है, उससे रुपयों की निकासी की जाएगी।