बरेली। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी पर लगे गंभीर आरोपों की जांच करने पहुंचे मुख्य पशु चिकित्साधिकारी शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किए बिना ही चले गए। दरअसल, लावाखेड़ा निवासी सुरेश कुमार ने उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी पर जातिसूचक गालियां देने, जान से मारने की धमकी देने और 1962 पशु चिकित्सा एंबुलेंस सेवा के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की जांच मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनमोहन पांडेय कर रहे हैं। बुधवार को जब सुरेश कुमार तीन गवाह लेकर विकास भवन स्थित सीवीओ कार्यालय पहुंचे तो कार्यालय में मौजूद होने के बावजूद सीवीओ ने उनके बयान दर्ज नहीं किए। इस पर शिकायतकर्ता ने सीवीओ पर भी पक्षपात करने का आरोप लगाया है। सीवीओ डॉ. मनमोहन पांडेय ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर जांच की जा रही है। बुधवार को शिकायतकर्ता को गवाहों के साथ बुलाया गया था। इसी बीच कोर्ट संबंधी कार्य के चलते गैर जनपद जाना पड़ा। इसकी पूर्व सूचना भी शिकायतकर्ता को दी गई थी। संवाद