शीशगढ़। क्षेत्र में लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ा है, जिससे गांव पदमी के पास बने पुल की एप्रोच कटने लगी है। पिछले साल कटी एप्रोच को एक करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से दोबारा बनाई गई थी। कटान से ग्रामीणों में हादसे की आशंका है। आरोप है कि एप्रोच निर्माण में मानकों की अनदेखी हुई, जिसके चलते पहली बाढ़ में ही क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की मांग की है। ग्राम प्रशासक लेखराज वर्मा ने बताया कि यह पुल ब्लॉक शेरगढ़ को 12-14 गांवों से जोड़ता है। पदमी गांव की ओर एप्रोच कटने से आवागमन प्रभावित होगा। इस बाबत लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भगत सिंह ने बताया कि जेई से बात करके वहां कर्मचारियों को भेजकर सुरक्षा घेरा बनवाया जाएगा। मिट्टी भरकर कट्टे लगाए जाएंगे, जिससे हादसा न हो।