बरेली। दस्तावेजों की सुरक्षा के मद्देनजर कलक्ट्रेट का अभिलेखागार सीसी कैमरों से लैस होगा। साथ ही, इसमें बाहरी लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान शु्क्रवार को डीएम अविनाश सिंह ने इस आशय के निर्देश कर्मचारियों-अधिकारियों को दिए। फिलहाल, कलक्ट्रेट में कुल 13 कैमरे लगे हैं। सभी सक्रिय हैं। शस्त्रागार, इंग्लिश कार्यालय, ई-डिस्ट्रिक कार्यालय, कंट्रोल रूम सहित विभिन्न पटलों के निरीक्षण के दौरान डीएम ने अभिलेखों एवं पंजिकाओं के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। अभिलेखागार के नाजिर त्रिवेणी सहाय को निर्देश दिए कि सीसी कैमरे से पूरे अभिलेखागार को कवर कराएं। वर्तमान में यहां सिर्फ गेट पर एक कैमरा लगा है। डीएम ने जिला प्रोबेशन कार्यालय में कर्मचारियों के आने-जाने की जानकारी ली। उपस्थिति पंजिका मांगी तो उन्हें बताया गया कि कार्यालय में बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज होती है। डीएम ने कर्मियों को कार्यालय में बेहतर माहौल बनाने और आमजन के कार्यों को तत्परता से करने की हिदायत दी। कार्यालय की साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए। संवाद