पीलीभीत के एक गांव से आरोपी को पकड़ा, पूछताछ जारी
नवाबगंज (बरेली)। सेना में नौकरी लगवाने का झांसा देकर छात्रों से हजारों रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने आरोपी को पीलीभीत के थाना क्षेत्र जहानाबाद के एक गांव से पकड़कर कोतवाली ले आई है, यहां पूछताछ जारी है। पीड़ित ने तहरीर दी है।
फरीदापुर गागा उर्फ नवादा गांव का अंशु नगर के एक इंटर काॅलेज में कक्षा 12वीं का छात्र है। छात्र का आरोप है कि आरोपी ने सेना में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे पांच हजार रुपये और उनके साथियों में सत्यप्रकाश, अंश कुमार निवासी औरंगाबाद, शौर्य निवासी फरीदापुर गागा उर्फ नवादा, देवांश निवासी मुडिया तेली, महिमा निवासी दमखोदा बहेड़ी, शिवानी निवासी ठिरिया सैदपुर, हिमांशु व श्रद्धा निवासी नवादा, राकेश निवासी मोहल्ला याकूबपुर से पांच-पांच हजार रुपये ऐंठ लिए।
अंशु को सूचना मिली कि आरोपी पीलीभीत के थाना जहानाबाद के एक गांव में लोगों से नौकरी के नाम पर ठगी कर रहा है। पीड़ित ने मौके पर पहुंच कर डायल 112 पुलिस को फोन कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली नवाबगंज ले आई। आरोपी के खिलाफ अन्य छात्रों ने भी शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। आरोपी ने बताया कि वह बच्चों को सेना के लिए फिजिकल की तैयारी कराता है। रुपये लेकर सेना में नौकरी लगवाने का आरोप निराधार है। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है। संवाद