फरीदपुर। नाई से बाल कटवाने गए 12 वर्षीय बच्चे को जान से मारने की नीयत से गले पर उस्तरे से हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मेहतपुर तिजा सिंह गांव निवासी अंसार अहमद ने फरीदपुर थाने में बताया कि बेटे मोहम्मद हुसैन (12) को घर के पास स्थित नाई रिजवान की दुकान पर बाल कटवाने के लिए भेजा था। आरोप है कि बाल काटने के दौरान नाई ने ब्लेड लगा हुआ उस्तरा गले पर मारा। इससे नस पर चोट आई। बच्चा वहां से भागा तो आरोपी ने कहा, नहीं भागता तो जान से मार देता। खून से लथपथ बच्चे को देखकर परिजन शिकायत करने गए तो मारपीट की गई। रिजवान के फूफा शमशुल, चुंदा, मकबूल, फरजूद और नत्थू लाठी-डंडे लेकर आ गए और पीटा। जान से मारने की धमकी दी। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जाएगी।