बरेली। दवाओं और रीजेंट की कमी दूर हुई तो अब इलाज के लिए तीन सौ बेड अस्पताल पहुंचे रहे मरीजों को एक्सरे कराने के लिए दौड़ लगानी पड़ रही है। हर दिन करीब दर्जन भर मरीज जिला अस्पताल रेफर हो रहे हैं। एक्सरे कक्ष पर ताला पड़ा है। डॉक्टरों के मुताबिक करीब सप्ताह भर पहले टेक्नीशियन बगैर बताए अवकाश पर गया था, पर अब तक नहीं लौटा। दूसरा कोई टेक्नीशियन न होने से यह दिक्कत हो रही है।
कुतुबखाना पुल निर्माण के चलते जिला अस्पताल पहुंच रहे मरीजों को हो रही तकलीफ से निजात दिलाने के लिए तीन सौ बेड अस्पताल में ओपीडी शुरू की गई। शुरुआत में डॉक्टरों की तैनाती, दवाओं की उपलब्धता, जांच समेत अन्य कार्यों के लिए मानव संसाधन की कमी रही। मामला संज्ञान में लेकर तत्कालीन कमिश्नर संयुक्ता समद्दार के निर्देश पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की गईं। अब अस्पताल में मरीजों की तादाद करीब एक हजार प्रतिदिन पहुंच चुकी है। ऐसे में एक्सरे की जांच ठप हो गई। शनिवार को अमर उजाला ने पड़ताल की। पता चला कि एक्सरे मशीन दुरुस्त है पर टेक्नीशियन छुट्टी पर है।
टेक्नीशियन की मांग पर नहीं हो रही सुनवाई
प्रभारी सीएमएस अस्पताल प्रशासन से टेक्नीशियन की मांग कर रहे हैं पर अब तक कोई तैनाती नहीं की गई। सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने टेक्नीशियन से लगातार अनुपस्थित होने पर जवाब तलब करने समेत उसके लौटने तक अन्य टेक्नीशियन से जांच कराने को कहा है ताकि मरीजों को परेशानी न हो।
एक्सरे मशीन में अब तक नहीं लगा प्रिंटर
अस्पताल में एक्सरे तो हो रहा है लेकिन उसका प्रिंट मरीजों को नहीं दिया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक टेक्नीशियन मोबाइल में एक्सरे की फोटो खींचकर दिखा रहे हैं, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह स्थिति तब है जब कमिश्नर ने एक्सरे प्रिंटर लगवाने के लिए निर्देश दिए थे
फोटो : बातचीत
पांव में चोट लगने पर जांच कराने पहुंचे थे। डॉक्टर ने एक्सरे के लिए लिखा है पर यहां कक्ष पर ताला लगा मिला। अब जिला अस्पताल जा रहे हैं।
- आयुष, बड़ा बाजार
पीठ में दर्द हो रहा था। जांच के बाद डॉक्टर ने सर्वाइकल की आशंका जताते हुए एक्सरे कराने को कहा है। यहां ताला लगा हुआ है।
- राजकुमारी, ईसाइयों की पुलिया
सांस फूल रही थी, जांच कराने पर चेस्ट एक्सरे के लिए डॉक्टर ने कहा है। यहां कोई जांच करने वाला नहीं है। जिला अस्पताल जाएंगे।
- योगेंद्र, फरीदपुर नगर क्षेत्र
तीन सौ बेड अस्पताल में बंद पड़ा एक्सरे कक्ष
तीन सौ बेड अस्पताल में बंद पड़ा एक्सरे कक्ष
तीन सौ बेड अस्पताल में बंद पड़ा एक्सरे कक्ष