रिठौरा। विकास खंड बिथरी चैनपुर के कंपोजिट विद्यालय नत्थू रमपुरा में शुक्रवार को शिक्षा चौपाल का आयोजन हुआ। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया और नवनिर्मित बाल वाटिका कक्ष का लोकार्पण किया। विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि कायाकल्प योजना से विद्यालयों की स्थिति सुधरी है। डॉ. विनीता ने शिक्षकों से बच्चों को माता-पिता की तरह दुलारकर शिक्षा देने की सलाह दी। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले विद्यार्थियों और उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हरेंद्र पटेल, खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार सिंह, ग्राम प्रधान वीरपाल, प्रधानाध्यापक गुले राना आदि मौजूद रहे।