बरेली। एक जुलाई से लागू हो रहे नए आपराधिक कानून के तहत नई जानकारी और बदलते समय में फॉरेंसिक साइंस की चुनौतियों को लेकर पुलिस लाइन में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें आईजी, एसएसपी व एफएसएल के उपनिदेशक ने पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया।
पुलिस लाइन स्थित रविंद्रालय में आईजी डॉ. राकेश सिंह, एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान और विधि विज्ञान प्रयोगशाला बरेली के उपनिदेशक जयप्रकाश गुप्ता की मौजूदगी में प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आईजी ने बताया कि नए कानूनों को लेकर परेशान न हों, इन्हें लेकर कोई गलत धारणा न बनाएं बल्कि इनकी जानकारी करके जनता को अधिक सहूलियत देने का काम करें। एसएसपी ने विवेचना की गुणवत्ता को बनाए रखने व नए आपराधिक कानून के सफल क्रियान्वयन पर जोर दिया। वहीं फॉरेंसिक साइंस लैब के उप निदेशक ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने से लेकर साक्ष्यों के अन्वेषण तक की नवीनतम जानकारी दी। सेमिनार में बरेली मंडल के चारों जिलों से आए पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। पुलिस अधीक्षक यातायात शिवराज ने भी संबोधन किया। ब्यूरो