बरेली। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) बरेली चैप्टर का अधिष्ठापन समारोह सोमवार को शहर के निजी होटल में आयोजित हुआ। संगठन के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश गोयल ने मनोनीत चेयरमैन तनुज भसीन को दोबारा पदभार सौंपा।
मुख्य अतिथि सांसद संतोष गंगवार ने उद्यमियों को उद्योग स्थापना के लिए प्रोत्साहित किया। इससे पहले चेयरमैन तनुज भसीन ने नई टीम की घोषणा के साथ उद्यमियों के सम्मान को बरकरार रखने के लिए हर संभव प्रयास करने का संकल्प लिया। आईआईए बरेली चैप्टर की न्यूज मैग्जीन का प्रकाशन जारी रखने की बात कही। चैप्टर सचिव मयूर धीरवानी ने संगठन की योजनाओं की जानकारी दी। कोषाध्यक्ष रजत मेहरोत्रा ने 18 उद्यमियों को संस्था में शामिल कर सदस्यों की संख्या 500 पहुंचाने पर जोर दिया। राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश गोयल ने एमएसएमई के योगदान से भारत की अर्थव्यवस्था पांच ट्रिलियन डॉलर पहुंचने की बात कही। कहां कौन से उद्योग स्थापित हों ताकि युवाओं का पलायन थमे, इस पर सरकार को उद्यमियों से सुझाव लेने को कहा।
इंटरनेशनल ट्रेड शो, फूड एक्सपो में प्रतिभाग करेंगे उद्यमी
दिनेश गोयल के मुताबिक 21 से 25 सितंबर तक ग्रेटर नोयडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में आईआईए के केंद्रीय कार्यालय की ओर से फूड एक्सपो लगेगा। 25 अगस्त को दिल्ली में रोड शो होगा। इसमें बरेली के उद्यमी भी प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान डिविजनल चेयरमैन विमल रिवाड़ी, सुरेश सुंदरानी, एसके सिंह, सतीश अग्रवाल, मनोहर लाल धीरवानी, सलिल बंसल, सुनीत मूना, मनोज पंजाबी, रवि खंडेलवाल, राकेश धीरवानी, धनंजय सिंह, कपिल चंदानी आदि उद्यमी मौजूद रहे।