फरीदपुर। नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी की गैरमौजूदगी में उनके कार्यालय में घुसकर मैकेनिक ने फाइलों से छेड़छाड़ की। वहां लगे सीसी कैमरों का पासवर्ड बदल दिया। इसके बाद वह फरार हो गया। ईओ की तहरीर पर फरीदपुर पुलिस ने सरकारी अभिलेखों से छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में आरोपी गौरव पांडे के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
फरीदपुर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में बैठे थे। उसी समय उनके कार्यालय में फरीदपुर निवासी गौरव घुस आया। पालिका में लगे सीसी कैमरे का पासवर्ड बदल दिया। इसके बाद पालिका कर्मचारी अर्पित शुक्ला ईओ के कार्यालय पहुंचे, तब आरोपी युवक अधिशासी अधिकारी की टेबल की दराज को खोलकर उसमें रखे अभिलेखों को पलट रहा था। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र मिश्रा की तहरीर पर फरीदपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी दस्तावेजों में थी घोटाले की भी फाइल
नगर पालिका में हुए कई वित्तीय घोटालों की जांच अधिशासी अधिकारी कर रहे हैं। घोटालों के संबंध में तमाम अहम दस्तावेज उनके टेबल की दराज में रहते हैं। वहीं, नगर पालिका के सीसी कैमरे में कई अहम फुटेज भी थीं, जो घोटाले की परतें खोलने के लिए उपयोगी थीं। घोटाला करने वाले माफिया से मिलकर आरोपी ने फाइलों व कैमरों से छेड़छाड़ की। बताया जा रहा है कि आरोपी ने नगर पालिका के कैमरों की गतिविधियां माफिया के मोबाइल फोन से कंट्रोल कराने के लिए पासवर्ड बदला है।
अधिशासी अधिकारी की तहरीर पर आरोपी सीसीटीवी मैकेनिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। - अभिषेक कुमार सिंह, फरीदपुर इंस्पेक्टर