आंवला। विद्युत उपकेंद्र रहटुईया से जुड़े गांवों में पिछले तीन सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप होने के विरोध में ग्रामीणों ने शुक्रवार को बिजली उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। बाद में एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों का कहना था कि रहटुईया बिजली उपकेंद्र के दरावनगर फीडर के गोठाखंडुवा, किशनपुर, मझऊआ, किशनपुर गौटिया सहित करीब एक दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित है। इन गांवों में लो वोल्टेज, ट्रिपिंग, टू फेस के साथ ही छोटे से फाॅल्ट होने के कारण पिछले बीस दिनों में बमुश्किल बीस घंटे ही बिजली आ सकी है। बिजली न आने से किसानों की धान की फसल चौपट होने की कगार पर है।
उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं मिलने से नाराज ग्रामीण शुक्रवार को भमोरा रोड स्थित 33 केवीए उपकेंद्र पर पहुंचे, लेकिन वहां कोई अधिकारी न मिलने पर दोपहर को वे सभी रहटुईया उपकेंद्र पहुंचे। विभागीय अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि बिजली अधिकारी उनकी समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं।
एसडीएम ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
बाद में ग्रामीण एसडीएम नहने राम से भी मिले। ग्रामीणों की समस्या के समाधान के लिए एसडीएम ने अधिशासी अभियंता से मोबाइल पर बात करके समस्या के जल्द समाधान के लिए कहा। प्रदर्शन करने वालों में जितेंद्र कुमार, अभय सिंह, अजयपाल फौजी, सत्यपाल, रोहित, विवेक शर्मा, दीपचंद, इस्लाम खां, मनवीर सागर, जोगराज आदि मौजूद रहे। संवाद