बरेली। बंच केबल जलने से बुधवार को किला उपकेंद्र के गढ़ी चौकी इलाके में आठ घंटे बिजली गुल रही। उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ा। कालीबाड़ी में मंगलवार देर रात बंच केबल जलने के कई इलाकों में आपूर्ति ठप हो गई जो बुधवार सुबह सुचारु हो सकी। चक महमूद, जगतपुर क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भी लोकल फॉल्ट ने परेशान किया।
पिछले तीन-चार दिनों से तापमान में लगातार इजाफा होने के बाद से ही शहर में बिजली आपूर्ति लड़खड़ाने लगी है। बंच केबल जलने और ट्रांसफार्मर फुंकने के मामले भी बढ़ गए हैं। शाहदाना उपकेंद्र के कटरा चांद खां, बालजती इलाकों में ट्रांसफार्मर की केबल जलने की वजह से दो घंटे तक कटौती की गई। इन इलाकों में मंगलवार रात भी आपूर्ति पूरी तरह सुचारु नहीं रही।
मढ़ीनाथ, सिटी सब्जी मंडी, पुराना शहर के रोहली टोला, कांकर टोला में भी ट्रिपिंग की समस्या रही। बुधवार को तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने के बाद शाहदाना, किला, कुतुबखाना, सुभाषनगर उपकेंद्रों पर कई बार ओवरलोडिंग की समस्या का सामना करना पड़ा। संवाद
-
डेलापीर, राजेंद्र नगर और डीडीपुरम उपकेंद्र से आज कटौती
बरेली। शहर के कई इलाकों में बृहस्पतिवार को बिजली कटौती की जाएगी। इस दौरान आरडीएसएस योजना के तहत फीडरों की लाइनों का काम होगा। अधिशासी अभियंता अनुज गुप्ता ने बताया कि डेलापीर उपकेंद्र के 11 केवी स्टेडियम फीडर पर लाइन डालने के लिए सुबह 10 से दोपहर 1:30 बजे तक आपूर्ति बंद रहेगी। राजेंद्रनगर उपकेंद्र के 11 केवी डीडीपुरम फीडर पर सुबह 10 से 12 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। इसके अलावा कौशांबी इंक्लेव लाइनें बदलने के दौरान सुबह छह से दोपहर 12 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। संवाद