बिशारतगंज। विभागीय लापरवाही के चलते कस्बा सहित इलाके की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बद से बदतर बनी हुई है। बृहस्पतिवार को पूरे दिन में तीन घंटे भी बिजली नहीं मिली। नाराजगी जताते हुए नगर पंचायत सभासदों ने एक्स पर विद्युत मंत्री से शिकायत की है। बुधवार रात ठप हुई विद्युत आपूर्ति बृहस्पतिवार दोपहर बाद सुचारू हुई। कुछ घंटे चलने के बाद लाइन खराबी के कारण फिर आपूर्ति ठप हो गई, जो रात आठ बजे तक सुचारू नहीं हो सकी। विद्युत कर्मियों के अनुसार बिशारतगंज (अंटुआ) उपकेंद्र के लिए आंवला के 132 विद्युत केंद्र से आने वाली हाईटेंशन लाइन में फाॅल्ट के चलते विद्युत आपूर्ति ठप हुई है। नगर पंचायत सभासद बबलू मौर्य, रमेश यादव ने विद्युत मंत्री से शिकायत की है। सभासदों ने व्यवस्था में सुधार न होने पर धरना देने की चेतावनी दी है। संवाद