बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के छात्रावास में छात्रों के बीच आपसी समन्वय बनाने, खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने व अनुशासन का पाठ पढ़ाने के लिए समिति गठित की गई हैैं। इसे योजना को पायलट मोड पर एक छात्रावास में शुरु किया गया है, जिसका प्रभाव भी दिखने लगा है।
पीजी व शोध छात्रावास के वार्डन प्रो. त्रिलोचन शर्मा ने बताया कि पिछले सप्ताह चार समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों का कार्य अनुशासन बनाए रखना है। प्रत्येक समिति में पांच छात्रों को शामिल किया गया है। कोई परेशानी न हो, इसलिए समिति में पहले और दूसरे सेमेस्टर के विद्यार्थियों को भी मौका दिया है। छात्रावास में खेल को बढ़ावा देने के लिए खेल समिति बनाई है। जो समय-समय पर खेलों का आयोजन करेगी। इससे छात्रों का ध्यान शारीरिक गतिविधियों की ओर बढ़ेगा। वहीं स्वच्छता समिति छात्रावास में समय पर सफाई कराने और गंदगी न फैलाने के प्रति भी जागरूक करेगी। इसमें सबसे अहम है भोजन और जल समिति, जिसके प्रभाव स्वरूप खाने की बर्बादी कम हुई है। पहले छात्र कमरे में खाना ले जाते थे, बचा हुआ कूड़ेदान में भी फेंक देते थे। समिति गठन के बाद खाने की बर्बादी नहीं हो रही है। छात्र सिर्फ कैंटीन में बैठकर ही भोजन कर रहे हैं। अनुशासन समिति परिसर में आपसी समन्वय बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करेगी। सभी समितियां प्रत्येक 10 दिन में रिपोर्ट बनाकर वार्डन को प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद छात्रों से भी इसका फीडबैक लिया जाएगा। बेहतर कार्य करने वाले समिति को तीन या छह माह के अंतराल पर सम्मानित किया जाएगा। समिति को पायल मोड पर चलाया जा रहा है। आने वाले समय में सभी छात्रावासों में समिति बनाई जाएगी।