- कुछ स्कूलों में शिक्षकों ने अपने खर्च से मंगाई टेस्ट कॉपियां
बरेली। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में बुधवार से सत्र परीक्षा शुरू हो गई। पहले दिन परीक्षा देने के लिए पहुंचे कई विद्यार्थियों को क्लास वर्क की कॉपी के बीच के पन्ने फाड़ने पड़े तो कुछ स्कूलों में शिक्षकों ने अपने खर्च से कॉपियां मंगाकर उस पर टेस्ट लिए।
शिक्षक संगठनों से मिली जानकारी के मुताबिक पहले दिन कक्षा छह से आठ तक की कक्षा में प्रथम पाली में कला और दूसरे में खेलकूद और शारीरिक शिक्षा की परीक्षा हुई। पहली पाली में ए फोर साइज के सादे पन्नों पर टेस्ट दिए। दूसरी पाली की परीक्षा में बच्चों ने कॉपी के पेज निकालकर उस पर अध्यापक द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब लिखे।
शंकरपुर आंबेडकर प्राइमरी स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका रुचि सैनी के मुताबिक उत्तर पुस्तिकाएं बाजार से खरीदने के लिए कोई बजट नहीं मिलता। सत्र परीक्षा दस अंकों की है। बच्चों की जरूरत को समझते उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्न पत्र मुहैया कराए गए। ताकि बच्चों को कॉपियों से पन्ने न फाड़ने पड़ें। अमर उजाला ब्यूरो