रामगंगा नदी में भैंस नाहलवाने गए छात्र की डूब कर मौत
फरीदपुर। रामगंगा में भैंस को नहलाने के लिए गए कक्षा 9वीं के छात्र की सोमवार को डूब कर मौत हो गई। ग्रामीणों ने छात्र के शव को मंगलवार को बाहर निकलवाया। सूचना पर नायब तहसीलदार मौके पर पहुंच गए। वहीं, परिजनों ने छात्र के शव का पोस्टमार्टम करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करा दिया।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुजर गौटिया निवासी उदयवीर का पुत्र अनिकेत गुर्जर (11) सोमवार दोपहर दो बजे अपनी भैंस रामगंगा नदी में नहलाने के लिए ले गया था। शाम तक वह घर नहीं पहुंचा और उसकी भैंस अपने आप घर पहुंच गई। परिजन उसकी काफी देर तक इंतजार करते रहे, लेकिन देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे रामगंगा किनारे कटरी एवं उसके पास बसे गांवों में खोजने निकले। मंगलवार सुबह ग्रामीण नदी की तरफ उसे खोजने निकले। तभी छात्र का शव उतराता मिला, जिसे ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सूचना पर नायब तहसीलदार अभिषेक तिवारी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
परिवार में दो बेटियों के बीच अकेला था अनिकेत
उदयवीर गुर्जर खेती-किसानी का कार्य करते हैं। उनके तीन बच्चे हैं, जिसमें एक बेटा अनिकेत गुर्जर (11) व दो बेटी खुशबू (10) व आरजू (8) हैं। अनिकेत नगर के एक स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ता था। उदयवीर के बच्चों में सबसे बड़ा उनका बेटा अनिकेत था। उसकी मौत के बाद परिवार टूट गया और परिजनों का हाल बेहाल हो गया। अनिकेत की मां उषा देवी अपने बेटे का शव देखकर अचेत हो गई और जमीन पर गिर पड़ी। संवाद