होली पर निगरानी के लिए आया ड्रोन कैमरा रिहर्सल के दौरान तेज हवा में लड़खड़ाकर जमीन पर आ गिरा। इस दौरान कैमरे की पंखड़ी मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं। ड्रोन कैमरा थाना बारादरी के सामने रेलवे के मालगोदाम के मैदान में उड़ाया गया था। सिपाही ने मामले की रिपोर्ट प्रतिसार निरीक्षक को दे दी है। सोमवार को सिपाही ड्रोन कैमरा लेकर बारादरी थाने पहुंच गए। यहां डेढ़ बजे का समय देकर मीडिया कर्मियों को बुला लिया गया। सीओ तृतीय एएसपी आकाश तोमर भी थाने पहुंच गए। उन्हीं के सामने कैमरे को उड़ाया जाना था। थाने में सिपाही ने कैमरा उड़ाने में असमर्थता जताई। कहना था कि तेज हवा में कैमरा नहीं उड़ेगा। बाद में थाने के सामने रेलवे के माल गोदाम में ड्रोन कैमरा उड़ाया गया। कैमरा तेज हवा की वजह से थोड़ी देर उड़ने के बाद लड़खड़ाकर नीचे आ गिरा। हालांकि रिहर्सल के दौरान कैमरे ने आसपास के इलाके की तस्वीरों को कैद कर लिया। एएसपी आकाश तोमर ने बताया कि तेज हवा की वजह से ड्रोन कैमरा थोड़ी देर ही उड़ पाया। होली पर ड्रोन कैमरे की मदद से शहर की निगरानी की जाएगी। संवेदनशील इलाके की छतों को भी कैमरे से तस्वीरें लेकर चेक किया जाएगा। खुराफात करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।