बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में ईंट पजाया चौराहे के पास ई-रिक्शा से टक्कर लगने के बाद आटा व्यापारी पर पथराव कर दिया। बीच-बचाव करने पर व्यापारी के बेटे का सिर भी फोड़ दिया। बारादरी थाना पुलिस ने कार्रवाई और धरपकड़ शुरू कर दी है।
बांसमंडी निवासी राजकुमार राजपूत आटा व्यापारी हैं। वह किसी काम से संजय नगर जा रहे थे तभी ईंट पजाया चौराहे के पास एक ई रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी। राजकुमार ने विरोध किया तभी वहां आसपास दुकानों से मौजूद लोग आ गए। आरोप है कि इन लोगों ने राजकुमार को पकड़ लिया और चालक ई रिक्शा लेकर फरार हो गया। विवाद ज्यादा बढ़ा तो वहां मौजूद लोग हाथापाई करने लगे। राजकुमार की मदद को उनका बेटा शुभम आया तो हमलावरों ने ईंट मारकर उसका सिर फोड़ दिया। इन लोगों ने पिता-पुत्रों पर पथराव कर दिया। सरिया से भी हमला कर दिया। हमले में राजकुमार और उनका बेटा दोनों घायल हो गए। राजकुमार की बाइक भी पथराव से क्षतिग्रस्त कर दी गई। राजकुमार ने बारादरी थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर अमित पांडेय ने बताया कि राजकुमार की तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जा रही है।