बरेली। रोडवेज बस में सवारियां बैठाने को लेकर स्टेशन इंचार्ज और बस चालक के बीच मारपीट हो गई। स्टाफ के लोगों ने बीच बचाव कराया। दोनों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत की गई है। स्टेशन इंचार्ज ने बारादरी थाने में तहरीर भी दी है।
रुहेलखंड डिपो के सेटेलाइट बस अड्डे पर सुबह आठ से नौ बजे तक लखनऊ के लिए एसी बस का समय है। शुक्रवार सुबह आठ बजे बरेली डिपो की एसी बस के चालक-परिचालक लखनऊ के लिए सवारियां बैठा रहे थे। इसी दौरान रुहेलखंड डिपो की सामान्य बस को भी लगा दिया गया। इस बस के चालक-परिचालक भी लखनऊ की सवारियां बैठाने लगे। एसी बस से उतर कर सवारियां सामान्य बस में जाने लगीं।
एसी बस के चालक रोशन लाल ने स्टेशन इंचार्ज अमरीश सक्सेना से आपत्ति की और नौ बजे तक एसी बस का समय बताते हुए रहेलखंड डिपो की सामान्य बस को हटाने के लिए कहा। इसी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और मारपीट होने लगी। दोनों ने एक दूसरे को पीटा। स्टाफ के लोगों ने बीच बचाव कराया। एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।