फतेहगंज पूर्वी। गांव हरेली अलीपुर में सरकारी राशन की दुकान से कम राशन मिलने की शिकायत पर पूर्ति निरीक्षक सुनील भटनागर ने शुक्रवार को ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं। ग्रामीणों ने कोटेदार के पति पर आरोप लगाया कि वह अंत्योदय कार्ड पर 35 किलो की जगह 32 किलो राशन देते हैं। वहीं, सामान्य कार्ड पर प्रति यूनिट आधा किलो कम राशन वितरण करते हैं। शिकायत करने पर राशन नहीं देने की धमकी देते हैं। लोगों के राशन कार्ड भी कटवा देते हैं। कोटेदार के पति द्वारा उपभोक्ताओं से अभद्रता की जाती है। पूर्ति निरीक्षक से शिकायत करने वालों में गांव के प्रयाश, सर्वेश, रेखा देवी, सुनीता देवी, बिजरानी, रोहित, मदन ने लिखित शिकायत की है। ग्रामीणों द्वारा शिकायत करने के बाद पूर्ति निरीक्षक सुनील भटनागर गांव पहुंचे। पूर्ति निरीक्षक सुनील भटनागर ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा शिकायत के बाद गांव में जाकर जांच की और ग्रामीणों के बयान दर्ज कराए गए हैं। उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। संवाद