बरेली। भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र के मुस्लिम बहुल इलाकों के 90 बूथों पर सपा ने भाजपा को करारी शिकस्त दी। पहले और दूसरे राउंड की मतगणना में इन्हीं इलाकों के दम पर सपा प्रत्याशी प्रवीन सिंह ऐरन बढ़त बनाने में कामयाब हुए। हालांकि, 20वें राउंड तक भाजपा ने लीड ले ली थी। कई बूथों पर भाजपा को एक-दो वोट ही मिले।
मदरसा मोहम्मदिया धौराटांडा के बूथ संख्या 292 पर भाजपा को एक मात्र वोट मिला, जबकि सपा प्रत्याशी को 630 मत मिले। इसी केंद्र के बूथ संख्या 290 पर भाजपा को छह और सपा को 515 वोट मिले। बूथ नंबर 289 पर भाजपा को तीन तो सपा को 709 वोट मिले। जूनियर हाई स्कूल इस्लामिया पूर्वी धौराटांडा बूथ संख्या 285 पर भाजपा को दो और सपा को 572 वोट मिले। इसी केंद्र के बूथ संख्या 287 पर भाजपा को सात और सपा को 726 वोट मिले। बूथ संख्या 288, 289 पर भी भाजपा दहाई तक नहीं पहुंच सकी। बूथ संख्या 306 प्राथमिक स्कूल ईसापुर में भी भाजपा की झोली खाली रही। बूथ संख्या 276, 277, 278, 279 प्राथमिक स्कूल धौराटांडा में भी भाजपा प्रत्याशी को मात्र 60 वोट मिले। सपा को इन चार बूथों पर 2,099 वोट मिले।
प्राथमिक विद्यालय कलारी के बूथ संख्या 249 पर भाजपा को छह, सपा को 601 वोट मिले। बूथ संख्या 227 प्राथमिक विद्यालय मुरारपुर में भाजपा को आठ और सपा को 514 वोट मिले। बूथ संख्या 236 और 237 प्राथमिक विद्यालय भीकमपुर माफी पर भी यही स्थिति रही। बूथ संख्या 211 प्राथमिक विद्यालय रम्पुरा माफी में भाजपा को नौ और सपा को 491 वोट मिले। बूथ संख्या 212 प्राथमिक स्कूल बैकुंठापुर में भाजपा को 12, सपा को 326 वोट मिले। बूथ संख्या 156 प्राथमिक विद्यालय खतौला में भाजपा को छह, सपा को 641 लोगों ने वोट दिए। बूथ संख्या 159, 160 प्राथमिक विद्यालय घुंसा में भाजपा को 23 और सपा को 1,135 वोट मिले।
पहले राउंड से सपा ने बनाई बढ़त
भोजीपुरा के इन्हीं इलाकों के दम पर ही सपा ने पहले राउंड से बढ़त बनानी शुरू कर दी। धौराटांडा, सैदपुर, लक्ष्मीपुर, दोहना, अलीनगर, भोजीपुरा, शेरगढ़, रिठौरा, देवरनिया में भाजपा प्रत्याशी सपा से पिछड़े रहे।
12,870 वोट से हारी भाजपा
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी भोजीपुरा विधानसभा सीट पर सपा के शहजिल इस्लाम ने कब्जा किया था। यहां मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भी भाजपा के मुकाबले सपा प्रत्याशी को ज्यादा वोट मिले। विधानसभा क्षेत्र के कुल 417 बूथों में से एक भी ऐसा बूथ नहीं है जहां सपा को दहाई के आंकड़े से कम वोट मिले हों। यही कारण रहा कि भोजीपुरा विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल सिंह गंगवार सपा के प्रवीन सिंह ऐरन से 12,870 वोटों से पिछड़ गए।