बरेली। मिशन कंपाउंड स्थित सपा कार्यालय पर पार्टी की जिला और महानगर इकाई की मासिक बैठक में पुलिस और प्रशासन का उत्पीड़न प्रमुख मुद्दा रहा। वक्ताओं ने एकजुटता दिखाकर डटकर मुकाबला करने का संकल्प लिया।
बैठक का प्रमुख एजेंडा मतदाता पुनरीक्षण और मतदान स्थल संशोधन व उत्पीड़न रहा। नवनियुक्त प्रदेश सचिव मलखान सिंह यादव का फूल मालाओं से स्वागत किया।
जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने कहा कि किसी कार्यकर्ता पदाधिकारी पर प्रशासन और पुलिस का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मतदाता पुनरीक्षण के लिए विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों को वोट बढ़ाने और अनधिकृत वोट कटवाने के लिए निर्देश दिए।
महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा जबसे भाजपा की सरकार आई है, अल्पसंख्यक समाज को चिह्नित कर झूठे मुकदमे में फंसाकर उत्पीड़न किया जा रहा है।
विधायक अताउर रहमान ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से 2027 की तैयारी में लगने की अपील की। पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव, आंवला सांसद नीरज मौर्य, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह, आरके शर्मा, सुल्तान बेग ने भी संबोधित किया।
बैठक में प्रदेश सचिव शुभलेश यादव, कदीर अहमद, प्रोफेसर जाहिद खान, दीपक शर्मा, मलखान सिंह यादव, राजेश मौर्या व मोहसिन खान आदि प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिव चरन कश्यप ने संचालन महानगर महासचिव दीपक शर्मा ने किया।
शहजिल नहीं आए, सुल्तान बेग ने दिखाए तेवर: सपा की मासिक बैठक में विधायक शहजिल इस्लाम एक बार फिर नहीं दिखे। सुल्तान बेग ने निष्क्रय नेताओं की रिपोर्ट लखनऊ भेजने को कहा। गौसगंज मामले को भी उठाया। ब्यूरो