शनिवार को सपा की मासिक बैठक में पूर्व विधायक सुल्तान बेग ने आरोप लगाया था कि निकाय चुनाव में जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने 35 लाख रुपये लेकर टिकट दिए हैं। इस पर दोनों लोगों की बहस का वीडियो वायरल हुआ। दूसरे दिन शेरगढ़ और शाही से सपा के प्रत्याशी रहे दोनों नेताओं ने पूर्व विधायक पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने और सुल्तान बेग ने भी एक दूसरे पर आरोप जड़े थे।
'पैसा वापस नहीं कर रहे जिलाध्यक्ष'
पूर्व चेयरमैन शाहिद रजा खां ने जारी बयान में कहा है कि चुनाव के समय जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने मुझसे 20 लाख रुपये मांगे। हमने 20 लाख रुपये किसी तरह जुटाकर तीन किस्तों में जिलाध्यक्ष के घर पहुंचाए। उसके बावजूद इन्होंने दूसरे व्यक्ति से 35 लाख रुपये लेकर हमारी टिकट काट दी। मैंने जब अपने पैसे वापस मांगे तो इन्होंने कहा कि चुनाव के बाद दूंगा मगर उसमें 25 फीसदी रुपये काट दिए जाएंगे।
काटी गई रकम सपा कार्यालय की रंगाई पुताई, एसी व अन्य खर्चों में लगेगी। मैं उस पर भी तैयार हो गया। मगर अब मेरा पैसा वापस नहीं कर रहे हैं। मैं न्याय की उम्मीद में राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलूंगा। उधर शिवचरन कश्यप का कहना है कि टिकट राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया था। पैसों का कोई सबूत हो तो बताए।