- नकटादाना चौराहे पर सपा कार्यकर्ताओं को रोकने के दौरान हुई पुलिस से नोकझोंक
- नामांकन के बाद बसपा उम्मीदवार के साथ कार्यकर्ताओं ने निकाला जुलूस
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। सपा और बसपा उम्मीदवारों समेत तीन लोगों ने मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। इस तरह अब तक चार उम्मीदवार नामांकन करा चुके हैं। बुधवार को नामांकन का अंतिम दिन है।
सपा उम्मीदवार भगवत सरन गंगवार दिन में करीब 11 बजे अपने समर्थकों के साथ नकटादाना चौराहे पर पहुंचे। यहां से जुलूस की शक्ल में कार्यकर्ता टनकपुर हाईवे पर नारेबाजी करते हुए आए। कलक्ट्रेट तक साथ जाने की जिद को लेकर पुलिस से नोकझोंक हुई। इसके बाद सपा उम्मीदवार अपने वाहन से कलक्ट्रेट पहुंचे।
इधर, दूसरे वाहन से सपा और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी नामांकन स्थल पर पहुंचे। टनकपुर तिराहे से पांच लोगों के साथ नामांकन कक्ष गए। जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह को पर्चा दिया। दोपहर में बसपा प्रत्याशी अनीस अहमद खां उर्फ फूलबाबू भी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ नकटादाना चौराहे पर पहुंचे।
यहां कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। यहां से वह अपने वाहन से कलक्ट्रेट पहुंचे और नामांकन जमा किया। निर्दल के रूप में आदर्श पांडेय ने भी पर्चा जमा किया। इस दौरान नामांकन कक्ष के बाहर कड़ी चेकिंग के बाद ही सभी को अंदर जाने दिया गया। सुरक्षा को लेकर काफी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रहा। नकटादाना चौराहे पर एसडीएम कलीनगर भी मौजूद रहे तो एसएसबी लगी रही।
......
नकटादाना से कलक्ट्रेट तिराहा तक बनी रही जाम की स्थिति
नामांकन पत्र दाखिल करने जा रहे प्रत्याशियों के काफिले में शामिल वाहनों को नकटादाना पर ही रोका गया था। जुलूस पर भी प्रतिबंध था। पांच से अधिक लोगों का प्रवेश भी नहीं था। ऐसे में सभी वाहन चौराहे पर ही खड़े रहे। इसके चलते सुबह से शाम चार बजे तक नकटादाना से कलक्ट्रेट तिराहे तक जाम की स्थित बनी रही।
-
आठ लोगों ने लिए नामांकन पत्र
पीलीभीत। होली के अगले ही दिन जिले में चुनावी रंग चटख हो गया। मंगलवार को भाजपा, सपा और पूर्व मंत्री समेत आठ लोगों ने 19 नामांकन पत्र लिए। इसमें भाजपा, सपा और पूर्वमंत्री के चार-चार सेट शामिल हैं। अब तक 30 नामांकन पत्र लिए जा चुके हैं। बुधवार को नामांकन पत्र लेने और जमा करने की अंतिम तारीख है।
शनिवार, रविवार व सोमवार को होली का अवकाश था। नामांकन प्रक्रिया बंद थी। तीन दिन अवकाश के बाद जब नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई तो भाजपा उम्मीदवार जितिन प्रसाद के प्रतिनिधि ने चार सेट में नामांकन पत्र लिया। सपा के भगवत सरन गंगवार और भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा ने भी चार सेट में नामांकन पत्र लिया।
इसके अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस तिवारी पार्टी के इकरार हुसैन ने दो, सरदार पटेल सिद्धांत पार्टी के प्रमोद कुमार पटेल, निर्दल हरदयाल, जन अधिकार पार्टी के नीलांबर ने एक-एक और भारतीय कृषक दल के राजीव कुमार सक्सेना ने नामांकन पत्र के दो सेट लिए। संवाद
जितिन आज करेंगे नामांकन, मौजूद रहेंगे प्रदेश अध्यक्ष व जलशक्ति मंत्री
पीलीभीत। भाजपा उम्मीदवार जितिन प्रसाद बुधवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख भी मौजूद रहेंगे। नामांकन से पूर्व यशवंतरी देवी मंदिर परिसर में एक सभा भी होगी। उधर, मंगलवार को भी जितिन प्रसाद ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात की। संवाद
दो फार्च्यूनर और करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं बसपा के अनीस
पीलीभीत। बहुजन समाज पार्टी से नामांकन दाखिल करने वाले अनीस अहमद खां उर्फ फूलबाबू महंगी गाड़ियों के शौकीन हैं। उनके पास दो फार्च्यूनर कार हैं। हाथ में 77,000 रुपये नकद, बैंक खातों की धनराशि व प्लॉट-मकान मिलाकर करोड़ों की संपत्ति हैं। 1485 वर्ग फुट का आवासीय भवन और लखनऊ में 1150 वर्ग फुट का घर है। बसपा उम्मीदवार के पास एक रायफल-पिस्टल व पत्नी के हाथ में 1,28,000 रुपये नकदी है। इसके साथ ही 27,36,210 रुपये के जेवरात है। उन्होंने कंपनियों में भी निवेश किया है। बसपा उम्मीदवार ने स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, एचडीएफसी आदि बैंको के खातों में धनराशि की जानकारी भी दी है। संवाद
-
सपा प्रत्याशी के पास ढाई लाख नकद, लखनऊ में हैं घर
पीलीभीत। समाजवादी पार्टी से पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने नामांकन के साथ दाखिल शपथ पत्र में हाथ में 2,50,000 रुपये दिखाए हैं। इसके अलावा कंपनियों में 20,02583 रुपये के निवेश, सोने की एक चेन, दो अंगूठी, एक 32 बोर पिस्टल, 30 स्प्रिंग फील्ड रायफल होने की जानकारी दी है। उनकी कुल सकल आय 40,03773 रुपये है तो 7.22 एकड़ कृषि भूमि, एक फ्लैट 1500 वर्गफुट आवास विकास लखनऊ और पत्नी के हाथ में 1,30,000 रुपये नकद दिखाए हैं। इसके अलावा पत्नी के पास आभूषण में 20 तोला सोना और 02 मकान हैं। संवाद
-