- पदक प्राप्त छह खिलाड़ियों को परिषद में किया गया शामिल
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में खिलाड़ी अब स्केटिंग और गोल्फ खेल सकेंगे। इसके लिए इस सत्र में ही स्कैटिंग ट्रैक और गोल्फ कोर्स तैयार किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थी शारीरिक शिक्षा विषय में पीएचडी भी कर सकेंगे। यह निर्णय शुक्रवार को क्रीड़ा परिषद व क्रीड़ा कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए।
प्रशासनिक भवन सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. केपी सिंह ने पदक प्राप्त छह खिलाड़ियों को परिषद में सदस्य के रूप में शामिल किया। इसमें स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक प्राप्त तीन महिला व तीन पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। बैठक में जिमनेजियम के विस्तार, जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने व इनडोर बैडमिंटन हॉल के उच्चीकरण के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
कुलपति ने क्रीड़ा सत्र 2024-25 में होने वाली अंतर महाविद्यालयी प्रतियोगिताओं के क्रीड़ा कैलेंडर का विमोचन किया। इसी सत्र से शारीरिक शिक्षा विषय में शोध कार्य शुरू किया गया है। ऐसे में शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ की ओर से कुलपति को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान क्रीड़ा सचिव प्रो. आलोक श्रीवास्तव, परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह, प्रो. सोमपाल सिंह, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. विजय बहादुर बिष्ट, डॉ. विवेक डागर व राम प्रीत सिंह उपस्थित रहे। संवाद