रेलवे बोर्ड ने पीलीभीत-मैलानी के बीच चार और पीलीभीत-लखनऊ के बीच दो पैसेंजर ट्रेनों के संचालन की स्वीकृति दे दी है। नई रेल लाइन से लखनऊ-आगरा फोर्ट के संचालन को भी जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
प्रायोगिक तौर पर इस लाइन से 11 जुलाई से लालकुआं-हावड़ा विशेष ट्रेन का संचालन शुरू किया जा रहा है। रोजा में मेगा ब्लॉक के दौरान लंबी दूरी की छह नियमित ट्रेनों को भी अलग-अलग तारीखों में बरेली से वाया पीलीभीत-मैलानी-लखीमपुर-सीतापुर होते हुए चलाया जाएगा।
अब तक पीलीभीत मैलानी रेल लाइन पर पैसेंजर ट्रेन नहीं थी। रेलवे बोर्ड में ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव लंबित था। अब रेलवे ने 55362/ 55361 व 55360/55359 पीलीभीत-मैलानी-पीलीभीत और 05086/05085 पीलीभीत-लखनऊ-पीलीभीत पैसेंजर के संचालन को स्वीकृति दे दी है।
इन ट्रेनों के अलावा रेलवे बोर्ड में लखनऊ-आगरा फोर्ट का प्रस्ताव भी लंबित है। इस ट्रेन का संचालन करीब 12 साल से बंद है। लखनऊ-मथुरा गोकुल एक्सप्रेस का संचालन भी प्रस्तावित है। बरेली होते हुए चलने वाली इन ट्रेनों का संचालन पीलीभीत-शाहगढ़-मैलानी रेल लाइन के अमान परिवर्तिन के समय बंद कर दिया गया था। इन ट्रेनों के भी जल्द संचालन को मंजूरी की उम्मीद है।