बरेली। बरेली कॉलेज में बाहरी शिक्षकों से एकल स्थानांतरण के नाम पर रुपये मांगने के प्रकरण में जांच शुरू हो गई है। सोमवार को समिति ने स्थापना प्रभारी से आवेदकों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कहा। इसके बाद आवेदन करने वाले शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगने के लिए पत्र भेजा जाएगा।
मुख्य नियंता कार्यालय में समिति संयोजक प्रो. खुर्शीद अली खान की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें एकल स्थानांतरण के लिए आवेदन करने वालों के नाम व पते की जानकारी उपलब्ध कराने की बात स्थापना प्रभारी डॉ. दया राम से कही गई। इन छह आवेदकों को कॉलेज की ओर से पत्र भेजा जाएगा। रुपये मांगने के लग रहे आरोपों के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा जाएगा। सवाल पूछे जाएंगे कि किसने रुपये मांगे हैं? जरूरत पड़ने पर जांच में सहयोग के लिए आवेदकों को महाविद्यालय बुलाया जा सकता है। दरअसल, बरेली कॉलेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. गजेंद्र पाल सिंह और महासचिव प्रो. वीपी सिंह ने कार्यकारिणी में प्रस्ताव पारित किया था। इसमें कुछ लोगों की ओर से आवेदकों से रुपये मांगने के आरोप लगाए गए हैं। इस पर संघ ने प्राचार्य से उच्च स्तरीय जांच समिति के गठन कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की थी। बैठक में प्रो. आलोक खरे, प्रो. वंदना शर्मा, प्रो. स्वदेश सिंह व पंकज अग्रवाल उपस्थित रहे।