दूध और जरूरी सामान की होम डिलीवरी की व्यवस्था कराई
बरेली। जिले में दो दिन में तीन नए कोरोना मरीज मिलने से हड़कंप है। तीनों मुंबई से आए थे। उन्हें थर्मल स्क्रीनिंग के बाद घर भेज दिया गया था। बाद में उनके कोरोना पॉजिटव होने की पुष्टि हुई। शुक्रवार शाम कोतवाली के बिहारीपुर इलाके में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद चार सौ मीटर के दायरे को सील कर दिया गया है। पुलिस ने पतली गलियों को भी बांस-बल्ली लगाकर बंद कर दिया है। घरों से बाहर निकलने वालों पर सख्ती की जा रही है।
चौकी के सामने मेन रोड किया लॉक
बिहारीपुर चौकी पुलिस ने चार सौ मीटर इलाके को कायदे से सील किया है। पुलिस ने पहले तो कुतुबखाने से चौपुला जा रहे मेन रोड को चौकी के सामने स्थायी बैरियर लगाकर लॉक कर दिया है। इससे बिहारीपुर में फिजूल में घूमने जाने वालों पर पूरी तरह रोक लग गई है।
कोरोना पीड़ित के घर की गलियां सील
पुलिस ने पीड़ित के घर की ओर जाने वाली सभी गलियां बांस-बल्ली लगाकर पूरी तरह सील कर दी हैं। हालांकि लोग खुद ही उधर नहीं जा रहे हैं, लेकिन शनिवार को इन गलियों के बाहर पुलिस नहीं दिखाई दी।
पुलिस ने अंदर वालों को दिलाई सहूलियत
शनिवार दोपहर बिहारीपुर चौकी के सिपाहियों ने मोहल्ले के अंदरूनी हिस्से में घूमकर सामान की होम डिलीवरी करने वालों की लिस्ट बनाई। इसे पुलिस प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों को भेज दिया गया। देर रात कोतवाल गीतेश कपिल ने बताया कि नौ सब्जी वाले, तीन किराने वाले और तीन दूध दही वालों को पास जारी कर दिए हैं। इनके नंबर मोहल्ले में सार्वजनिक किए गए हैं। लोग इन्हें कॉल करेंगे तो ये सामान घर पहुंचा देंगे।