बरेली। यातायात पुलिस ने स्मार्ट सिटी के कैमरों से चालान तो शुरू कर दिए मगर ट्रैफिक लाइट से जुड़ी खामियों को सुधारने की पहल नहीं की।इसका खामियाजा वाहन सवारों को भुगतना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को शहर के कई मार्गों पर ट्रैफिक लाइट की खामी की वजह से गलत चालान होने की समस्या सामने आई।
लोगों ने बताया कि ट्रैफिक सिग्नल हरा से लाल होने के बीच सिर्फ 12 सेकंड का समय है। यह इतना कम समय है कि वाहनों की आगे की लाइन ही निकल पाती है। जरा सी देरी होने पर सिग्नल लाल हो जाता है। ऐसे में गलती न होते हुए भी चालान हो जाता है। बीसलपुर चौराहे से सौ फुटा रोड तक की ट्रैफिक सिग्नल में टाइमिंग की समस्या देखने को मिली। मालियों की पुलिया पर बृहस्पतिवार दोपहर 2:36 बजे ट्रैफिक लाइटें बंद थीं। यही लाइटें शाम 7:23 बजे चालू थीं। हमेशा की तरह शहर में आने के लिए टाइमिंग 12 सेकेंड की ही थी। ऐसे में वाहन स्टार्ट करते ही और थोड़ा आगे बढ़ते ही रेड लाइट जल रही थी। लोग इस व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। इधर, ट्रैफिक लाइटों के साथ लगे स्मार्ट सिटी के उच्च क्षमता वाले कैमरों के जरिये एसपी यातायात ने बिना हेलमेट और तीन सवारी वाले वाहनों के चालान का भी निर्देश दिया है। बृहस्पतिवार को ऐसे वाहनों के चालान शुरू हो गए हैं।
चौकी चौराहे पर टूटी पड़ी ट्रैफिक लाइट
चौकी चौराहे पर ट्रैफिक लाइट काफी समय से टूटी पड़ी होने की वजह से यहां दिशा भ्रम जैसी स्थिति बनी रहती है। बृहस्पतिवार दोपहर भी यहां ऐसा ही नजारा दिखाई दिया।
परीक्षार्थियों की उमड़ी भीड़, जाम से जूझा शहर
-बरेली कॉलेज रोड पर फंसे वाहन, यातायात पुलिस लापता
शहर में जाम की समस्या का भी समुचित समाधान न होना यातायात पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। बृहस्पतिवार को अमर उजाला टीम ने शहर का जायजा लेकर ऐसे ही कुछ दृश्य कैमरे में कैद किए। दोपहर 12:23 बजे बरेली कॉलेज से श्यामगंज जाने वाले रास्ते पर भीषण जाम लगा था। टेंपो, ई-रिक्शा से लेकर तमाम वाहन जाम में फंसे थे। करीब आधा घंटे तक यही स्थिति बनी रही। दरअसल, बीएड प्रवेश परीक्षा की वजह से शहर में करीब साढ़े आठ हजार परीक्षार्थी अतिरिक्त आए थे। इनमें से कई के साथ उनके अभिभावक और परिवार के सदस्य भी थे। इतनी भीड़ के लिहाज से यातायात पुलिस की व्यवस्था चरमराती दिखी। बरेली कॉलेज के अंदर तो सिविल पुलिस दिखी पर बाहर यातायात पुलिस न होने से परीक्षार्थियों से लेकर आम राहगीर परेशान देखे गए।
एसपी ट्रैफिक ने नहीं उठाया फोन
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और सिग्नल की खामियों पर एसपी ट्रैफिक राममोहन सिंह को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने नहीं उठाया। मेसेज के जरिये उनका पक्ष पूछा गया है, जवाब आने पर विभाग का पक्ष रखा जाएगा।