बरेली। डिस्ट्रक्टि बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के फाइनल में शनिवार को श्रेया, ईशा, युवराज, देवांश, शिवांग और अभिलव ने अपने-अपने वर्ग में ट्रॉफी पर कब्जा किया।
22 जून से स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में खेली जा रही अंकित चतुर्वेदी स्मारक डिस्ट्रक्टि बैडमिंटन चैंपियनशिप में शनिवार को फाइनल मुकाबले खेले गए। बालक एकल अंडर-15 वर्ग में युवराज जोशी और कनिष्क यादव के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। युवराज जोशी ने 21-8, 21-10 से मुकाबला जीता। अंडर -17 में देवांश गुप्ता और युवराज जोशी के बीच टक्कर का मुकाबला खेला गया। युवराज ने पहला सेट 21-8 से जीता। इसके बाद देवांश ने वापसी करते हुए 21-17, 21-19 से मुकाबला अपने नाम किया। बालिका एकल अंडर-15 में श्रेया खंडेलवाल ने डिंपल को 22-20 और 21-17 से हराया। अंडर-17 में ईशा सिंह ने आरूषि गर्ग को 21-16, 21-19 से मात दी।
पुरुष एकल में कुंवर शिवांग ने सौरभ वर्मा को 21-15, 21-13 से हराया। युगल में कुंवर शिवांग और अभिलव शर्मा की जोड़ी ने जुनैद अंसारी और युवराज जोशी को 21-17, 21-16 से परास्त किया
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सांसद संतोष गंगवार ने विजेता व उपविजेताओं को पुरस्कृत किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष डीएल खट्टर, सचिव अनिल मेहरोत्रा, संयुक्त मंत्री जगदीश खंडेलवाल, उपाध्यक्ष राकेश टंडन ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। पुरस्कार वितरण समारोह का संचालन एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष बसंत चतुर्वेदी ने किया।