बरेली। सुभाषनगर पुलिस छेड़छाड़ की रिपोर्ट भी नहीं दर्ज कर रही है। बीटेक की छात्रा को रास्ते में रोककर शोहदे ने अश्लील हरकत की। छात्रा ने थाने में शिकायत की पर सपा नेता ने शोहदे की पैरवी कर रिपोर्ट दर्ज नहीं होने दी। छात्रा एसएसपी के पास पहुंची तो शोहदे के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
पटेल बिहार निवासी बीटेक की छात्रा ने बताया कि वह अपनी मां को कचहरी छोड़कर आ रही थी। तभी कॉलोनी का ही सिद्धार्थ सक्सेना अश्लील टिप्पणी करने लगा। छह अप्रैल को छात्रा जैसे ही घर से निकली, शोहदे ने रास्ते में उसकी स्कूटी रोक ली। वह छात्रा की सहायता करने की बात कहकर अपने साथ चलने का दबाव बना रहा था। कहा कि तुम्हारे घर में इन दिनों परेशानी चल रही है। तुम चाहो तो मैं तुम्हें बीस हजार रुपये दे दूंगा। छात्रा के चीखने पर वह धमकी देकर फरार हो गया था।