बरेली। निदा खान के गुजारा भत्ता मामले में पारिवारिक न्यायालय ने रिकवरी वारंट जारी किया है। कोतवाली पुलिस को शीरान रजा खां से एक लाख बीस हजार रुपये की वसूली कर कोर्ट में जमा करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है। आला हजरत खानदान की बहू निदा खान ने अपने पति शीरान रजा खां पर गुजारा भत्ते के एक लाख 20 हजार रुपये न देने का आरोप लगाकर पारिवारिक न्यायालय में शिकायत की। निदा ने आरोप लगाया था कि वसूली कराने में कोतवाली पुलिस दिलचस्पी नहीं ले रही है। बताया कि 13 फरवरी 2018 को कोर्ट ने प्रतिमाह 12 हजार रुपये भरण पोषण भत्ता देने का निर्देश दिया था। इसका अनुपालन पुलिस नहीं करा सकी है। कोर्ट ने रिकवरी वारंट जारी कर पुलिस को तत्काल तामील कराने का निर्देश दिया है। ब्यूरो