- मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने जारी की सीएचसी की रैंकिंग, सीएमओ को भेजा पत्र
- शाहजहांपुर की आठ, बरेली की चार, पीलीभीत की पांच, बदायूं की तीन सीएचसी सम्मानित
बरेली। मंडल में संचालित स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सा इकाइयों में मरीजों को बेहतर सेवाएं-सुविधाएं मुहैया कराने में शाहजहांपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अव्वल साबित हुए हैं। पीलीभीत दूसरे, बरेली तीसरे और बदायूं चौथे पायदान पर दर्ज हुआ है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत वर्ष 2023-24 में प्रदेशभर की 795 सीएचसी का कायाकल्प अवॉर्ड के लिए सर्वे हुआ था। जारी परिणाम में 70 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल करने वाले 425 सीएचसी को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार मिला है। इस धनराशि से उपकरण की खरीदारी समेत अन्य कार्य किए जाएंगे। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बरेली की चयनित चार सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षकों के कार्यों को सराहते हुए और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया है।
इन बिंदुओं पर जांच करती हैं तीन टीमें
अस्पताल के भवन की दशा, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, पुराने सामान का सदुपयोग, कर्मचारियों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, सामानों का रखरखाव, मरीजों की बढ़ती संख्या, प्रसव कक्ष की स्थिति, डिलीवरी की संख्या, भर्ती मरीजों की संख्या, बेहतर इलाज, मरीजों का फीडबैक, प्रकाश व्यवस्था आदि बिंदुओं पर जांच के साथ ही चिकित्साधिकारी और स्टाफ से सवाल भी पूछे जाते हैं।
शाहजहांपुर की तिलहर सीएचसी ईको फ्रेंडली
मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवल की ओर से जारी पत्र में शाहजहांपुर की तिलहर सीएचसी को ईको फ्रेंडली श्रेणी में प्रदेश में पहला स्थान मिला है। लिहाजा, सीएचसी को कायाकल्प अवॉर्ड योजना के एक लाख रुपये के साथ ही, ईको फ्रेंडली श्रेणी में अव्वल आने पर पांच लाख रुपये का पुरस्कार भी मिला है। प्राप्त पुरस्कार की 25 फीसदी धनराशि को अफसरों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए वितरित किया जाएगा। अमर उजाला ब्यूरो
किस सीएचसी को कितने फीसदी अंक
शाहजहांपुर : तिलहर को 93.43, निगोही को 92.71, मीरानपुर कटरा को 84, जैतीपुर को 78.41, सिंधौली को 74.43, जरियानपुर मिर्जापुर को 74.43, भावलखेड़ा को 74.29, जलालाबाद को 72.29।
पीलीभीत : बरखेड़ा को 79.57, बीसलपुर को 74.43, न्यूरिया को 72.86, अमरिया को 72.71, जहांनाबाद को 71.86।
बरेली : शेरगढ़ को 82.57, फरीदपुर को 76.14, क्यारा को 74.29, नवाबगंज को 71.86।
बदायूं : जगत को 84.86, समरेर को 80.43, सैदपुर को 77.86।