बरेली। वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री अरुण कुमार ने सोमवार को बरेली जोन में वर्षाकाल के दौरान होने वाले पौधरोपण की समीक्षा की। राज्य मंत्री ने प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण और बरेली के लक्ष्य को लेकर अधिकारियों से कार्ययोजना बनाकर काम करने के लिए कहा।
बरेली में प्रस्तावित मिनी जू की प्रगति के बारे में जानकारी लेने के साथ निर्देश दिए कि इसके लिए समयसीमा निर्धारित कर काम करें। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण नई दिल्ली से अनुमति प्राप्त करने के लिए सभी काम जल्द पूरे कर लिए जाएं। मयूर वन चेतना केंद्र में सुंदरीकरण संबंधी काम पूरे न होने पर नाराजगी जताई और बीडीए के माध्य से काम पूरे कराने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण के लिए ऐसे स्थानों को प्राथमिकता दी जाए जहां पौधों की देखभाल हो सके। सुरक्षा के लिहाज से वहां चहारदीवार या फेसिंग हो। पौधरोपण से पहले मृदा परीक्षण, पौधरोपण एक्शन प्लान, शहरी क्षेत्र में थीम पौधरोपण, एक मार्ग एक प्रजाति, हर घर तुलसी घर-घर तुलसी कार्यक्रम संबंधी सभी काम पूरे कर लिए जाएं।
मिशन छाया के तहत रेलवे स्टेशनों, बस स्टेशन, स्कूल-कॉलेज और प्रमुख मार्गों के किनारे छायादार पौधे रोपने और नर्सरियों में क्यूआर कोड जनरेट करने के निर्देश दिए। इस मौके पर वन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुधीर कुमार शर्मा, संजय श्रीवास्तव, मुख्य वन संरक्षक रुहेलखंड जोन विजय सिंह, वन संरक्षक मुरादाबाद रमेश चंद्र, डीएफओ दीक्षा भंडारी, कमल पटेल, एचएस मेहता आदि अधिकारी रहे।